ग्वालियर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार गोसपुरा कार्यालय में पदस्थ रीडर एवं सहायक ग्रेड-3 अनिल कुडवारिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी आवेदक से प्लॉट के नामांतरण (म्यूटेशन) के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जितेन्द्र पाण्डेय पुत्र वासुदेव पाण्डेय निवासी किलागेट घासमंडी, मंगलेश्वर रोड, ग्वालियर ने 10 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक, EOW ग्वालियर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने रानीपुरा, तहसील गोसपुरा स्थित 930 वर्गफीट का एक प्लॉट श्रीमती निर्मला गोस्वामी को विक्रय किया था। प्लॉट के नामांतरण के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन किया गया था।

आरोप है कि नामांतरण प्रक्रिया पूरी कराने के बदले तहसीलदार कार्यालय में पदस्थ रीडर अनिल कुडवारिया ने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद EOW ने डिजिटल माध्यम से शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

पुष्टि के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक EOW ग्वालियर के निर्देश पर निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में ट्रैप दल का गठन किया गया।

11 जून 2026 को ट्रैप दल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय ग्वालियर में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुडवारिया को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथों को रासायनिक घोल में धुलवाया गया, जिसमें घोल का रंग गुलाबी हो गया। यह परीक्षण रिश्वत लेने की पुष्टि करता है।

EOW ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार लोधी, निरीक्षक मदन मोहन मालवीय, निरीक्षक पारुल चंदेल, उप निरीक्षक नीलम श्रीवास्तव, उप निरीक्षक हरि किशोर चतुर्वेदी, उप निरीक्षक ब्रजमोहन शर्मा, उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा, आरक्षक नरेश सिंह, आरक्षक अभिषेक चौहान, आरक्षक अभिषेक सिंह तोमर तथा स्थायी कर्मी दीपक श्रीवास्तव शामिल रहे।

EOW की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने का संदेश गया है।