CJI के बयान के विरोध में बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट ब्लॉक
देश के युवाओं और बेरोजगारों के बीच सोशल मीडिया पर इन दिनों 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) नाम का एक अनोखा डिजिटल आंदोलन तेजी से वायरल हो रहा है। महज छह दिन पहले गठित हुई इस वर्चुअल पार्टी ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जिसके बाद इसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे इस पार्टी के आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट को भारत में ब्लॉक (बैन) कर दिया गया है। अकाउंट ब्लॉक होने से पहले इसके X पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। X के मुताबिक, यह कार्रवाई स्थानीय नियमों और कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।
इंस्टाग्राम पर भाजपा और कांग्रेस को पछाड़ा
X पर लगे प्रतिबंध के बावजूद इंस्टाग्राम पर इस पार्टी की सुनामी देखने को मिल रही है। गुरुवार दोपहर तक इसके इंस्टाग्राम पर 1.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं, जो देश की किसी भी स्थापित राजनीतिक पार्टी से कहीं अधिक हैं। वर्तमान में इंस्टाग्राम पर कांग्रेस के 1.33 करोड़, भाजपा के 87 लाख और आम आदमी पार्टी (AAP) के 87 लाख फॉलोअर्स हैं।
क्यों बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी'?
इस अनूठी पार्टी की स्थापना सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके ने की है, जो वर्तमान में बॉस्टन यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं। दरअसल, 15 मई को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच और परजीवियों' से की थी, जो बाद में आरटीआई एक्टिविस्ट या सोशल मीडिया पर सिस्टम पर हमला करते हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका इशारा फर्जी डिग्री वाले वकीलों की तरफ था। इसी बयान के विरोध और युवाओं की भड़ास को मंच देने के लिए 16 मई को CJP का गठन किया गया।
अनोखा मैनिफेस्टो और सदस्यता की शर्तें
‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ के नारे और कॉकरोच के लोगो वाली इस पार्टी की सदस्यता के लिए बेहद दिलचस्प योग्यताएं तय की गई हैं, जिनमें बेरोजगारी, आलसी होना, ऑनलाइन रहने की लत और प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता शामिल है।
पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो (घोषणापत्र) में बड़े वादे किए हैं। CJP का कहना है कि यदि वे सत्ता में आए तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा, वैध वोट डिलीट करने पर मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA में जेल होगी, महिलाओं को 50% आरक्षण मिलेगा, दलबदलू नेताओं पर 20 साल का प्रतिबंध लगेगा और एकाधिकार वाले मीडिया घरानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
वर्तमान में देश में बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती में देरी से जूझ रहे 'Gen Z' और 25 साल तक के युवाओं के लिए यह पार्टी एक बड़े राजनीतिक और व्यंग्यात्मक आंदोलन का रूप ले चुकी है। दिल्ली में इसके समर्थकों को कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई अभियान चलाते हुए भी देखा गया है।
ज्ञानभारतम अभियान सरगुजा में मिलीं 140 वर्ष पुरानी तंत्र साधना की दुर्लभ पांडुलिपियां
धौरपुर पूर्व राजपरिवार में मिलीं दुर्लभ धार्मिक पांडुलिपियां
जनजातीय कल्याण के सरकार कर रही प्रभावी प्रयास : राज्यपाल पटेल
प्रदेश में नागरिकों को लोक परिवहन सुविधा के लिये सुगम परिवहन सेवा योजना शीघ्र प्रारंभ करे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उत्तर प्रदेश के 11,672 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की गडकरी ने की समीक्षा