रिटायर सफाईकर्मी से मांगी 'कमीशन', रंगे हाथों धराया एकाउंटेंट
*25,000 की मांग, 5,000 लेते हुए ट्रैप।*
*_जो सफाईकर्मी शहर साफ करता रहा, उसे सिस्टम की गंदगी साफ करने के लिए EOW का सहारा लेना पड़ा। सरकारी दफ्तरों में रिटायरमेंट के बाद हक का पैसा मिलना अब 'सौदेबाजी' बनता जा रहा है।*_
*छिंदवाड़ा* । भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहीम को जारी रखते हुए EOW जबलपुर की टीम ने आज परासिया नगर पालिका में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग ने नगर पालिका के एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला? परासिया निवासी लाल जी पिंडपारोची, जो अगस्त 2025 में सफाई कर्मी के पद से रिटायर हुए थे, अपनी ग्रेच्युटी और पेंशन के लिए पिछले कई महीनों से नगर पालिका के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि एकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा ने उनकी रुकी हुई ग्रेच्युटी और पेंशन फाइल को आगे बढ़ाने के बदले ₹25,000 की रिश्वत मांगी थी।
किस्तों में वसूली का खेल: गरीब रिटायर्ड कर्मचारी लाल जी से आरोपी पहले ही ₹20,000 ऐंठ चुका था। बाकी बचे ₹5,000 के लिए वह लगातार दबाव बना रहा था। परेशान होकर लाल जी ने 13 फरवरी को EOW जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद, आज 17 फरवरी को जैसे ही लाल जी ने आखिरी किस्त के ₹5,000 आरोपी को सौंपे, घात लगाकर बैठी EOW की टीम ने उसे दबोच लिया।
कानूनी शिकंजा: EOW ने मौके से पेंशन और ग्रेच्युटी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपी शैलेन्द्र शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7(A) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
राशिफल 7 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कसनिया में 33/11 केवी नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र प्रारंभ
ई-ऑफिस में फाईल बढ़ाते समय सभी नियमों एवं स्पष्ट अभिमत के साथ हो प्रस्तुतिकरण : प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा
काशी की पावन धरा पर हुआ उज्जैनी के शौर्य का सूर्योदय
एनएसजी भारत का अभेद्य कवच, इनसे हैं हम हर हाल में सुरक्षित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव