भोपाल में जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का भव्य आयोजन, हजारों रोज़ेदारों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी*
भोपाल।
पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग भोपाल द्वारा सेंटर लाइब्रेरी ग्राउंड में भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन की मेजबानी जिला अध्यक्ष चौधरी वाहिद अली ने की, जिसमें हजारों की संख्या में रोज़ेदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, अब्दुल नफीस, महेंद्र सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह, अमित शर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि रोज़ा इफ्तार जैसे आयोजन हमारी साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहज़ीब के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे अवसर दिलों को जोड़ने और समाज में आपसी विश्वास व भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं।


वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि रमज़ान का महीना इबादत, संयम और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रोज़ेदार पूरे दिन रोज़ा रखकर शाम को इफ्तार के समय देश और प्रदेश की खुशहाली, आपसी सौहार्द और अखंडता के लिए दुआ करते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद सभी धर्मों के धर्मगुरुओं और समाज के प्रतिनिधियों ने भी एक स्वर में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती नफरत के माहौल के बीच मोहब्बत, भाईचारे और एकता का संदेश देने का प्रयास है।
कार्यक्रम के अंत में सभी रोज़ेदारों ने सामूहिक रूप से इफ्तार किया और देश-प्रदेश की अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

न्यूज़ सोर्स : Naradmunilive