भोपाल। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर राजधानी के मध्य विधानसभा क्षेत्र में उत्साह और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में शाहपुरा क्षेत्र में भव्य पतंग प्रतियोगिता और धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।


​आसमान में बिखरे सतरंगी रंग
​शाहपुरा में आयोजित रंगारंग पतंग प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। विधायक आरिफ मसूद ने खुद पतंग उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से पट गया और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि खेल भावना और मेल-मिलाप का संदेश भी दिया।
​बहनों के बीच मनाया प्रेम और सौहार्द का पर्व
​त्योहार की खुशी साझा करने के लिए विधायक आरिफ मसूद क्षेत्र की महिलाओं और बहनों के बीच पहुँचे। उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की बधाई दी और अपने हाथों से लड्डू खिलाकर पर्व की मिठास बांटी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति नव सृजन, प्रेम और आपसी सौहार्द का प्रतीक है।
​श्रद्धालुओं को मिली सलकनपुर की सौगात
​धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए विधायक मसूद ने मध्य विधानसभा के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए बसों के माध्यम से सलकनपुर (विजयासन देवी धाम) रवाना किया। विधायक ने स्वयं बसों को हरी झंडी दिखाई और श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना की।

न्यूज़ सोर्स : Naradmuni live