PM Narendra Modi And Amit Shah: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के आगामी मध्य प्रदेश के दौरे की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक से पहले अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले की ईसागढ़ तहसील स्थित श्री आनंदपुर धाम आ रहे हैं। वहीं, केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह का भोपाल में 13 अप्रैल को और 17 अप्रैल को नीमच में आगमन हो रहा है। उनकी उपस्थिति में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और दुग्ध संघ के बीच रवींद्र भवन में अनुबंध पर हस्ताक्षर होंगे, साथ ही प्रदेश में जारी सहकारिता गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी। इसी प्रकार 17 अप्रैल को भी गृह मंत्री अमित शाह का नीमच दौरा भी प्रस्तावित है। 

गड़करी 10 को आएंगे, लाल किले पर गूंजेगा सम्राट विक्रमादित्य का गौरवगान
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी धार जिले के बदनावर से 10 अप्रैल को प्रदेश की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 12-13-14 अप्रैल को दिल्ली के लाल किला परिसर में आयोजित विक्रमोत्सव के अंतर्गत सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति होगी। यह सांस्कृतिक प्रस्तुति सम्राट विक्रमादित्य के अद्वितीय योगदान को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास है। सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन का नाटक के माध्यम से मंचन होगा। इसमे प्रदेश के सभी मंत्री शामिल होंगे। इसमें कैबिनेट सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।   

राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए 4303  करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्रालय ने प्रदेश को 4 हजार 303 करोड़ से अधिक की सौगातें मिली हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के अंतर्गत 4 कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें 1227 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला 28.5 किलोमीटर लंबा ग्वालियर पश्चिमी बायपास, 1426 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला संदलपुर-नसरूल्लागंज बायपास, 330 करोड़ रुपए लागत का राहतगढ़ बरखेड़ी बायपास और 688 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला सागर बायपास शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंदसौर, दमोह, मुरैना और नरसिंहपुर में इस वर्ष एग्रोविजन का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषि, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण, कृषि विश्वविद्यालय, दुग्ध महासंघ, सहकारिता, पशुपालन और पंचयत एवं ग्रामीण विभाग सहभागिता करेंगे।

अब तक 21 लाख टन गेहूं का उपार्जन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनके उपार्जन का सही दाम दिलवाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। चना, मसूर, सरसों, तुअर और गेहूं का उपार्जन आरंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य और बोनस मिलाकर 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर गेहूं उपार्जित किया जा रहा है। अब तक 21.36 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हो चुका है और 2 लाख 49 हजार किसानों को 4 हजार 12 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। गेहूं का उपार्जन 5 मई तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मसूर, सरसों, तुअर उपार्जन के लिए जारी गतिविधियों की भी जानकारी दी।