सफलता की मिसाल: SP दिनेश कौशल के बच्चों ने बढ़ाया मान, बेटा बना IITian तो बेटी डॉक्टर
सागर/छतरपुर: कहते हैं कि बच्चों की सफलता ही माता-पिता की जिंदगी की सबसे बड़ी कमाई होती है। ऐसा ही एक गर्व का क्षण सागर में पदस्थ पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) श्री दिनेश कौशल के परिवार के लिए आया है। एसपी दिनेश कौशल के दोनों बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से सफलता की एक नई इबारत लिखी है, जिससे न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा छतरपुर जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
बेटा IIT दिल्ली से इंजीनियर, बेटी बनी डॉक्टर
दिनेश कौशल के क्षितिज कौशल ने देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई (अंतिम वर्ष) सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। वहीं, उनकी सुपुत्री डॉ. श्रुति कौशल ने लखनऊ से MBBS की अंतिम परीक्षा शानदार अंकों के साथ उत्तीर्ण की है और वर्तमान में अपनी अनिवार्य इंटर्नशिप कर रही हैं। एक ही घर से देश के दो सबसे कठिन क्षेत्रों (इंजीनियरिंग और मेडिकल) में बच्चों की इस कामयाबी ने हर किसी को प्रभावित किया है।

संस्कार और कठिन परिश्रम का प्रतिफल
क्षितिज और डॉ. श्रुति की यह दोहरी सफलता उनके कड़े अनुशासन, अटूट फोकस और असाधारण प्रतिभा का नतीजा है। बच्चों ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता (पिता श्री दिनेश कौशल एवं मां श्रीमती अनुराधा कौशल) के साथ-साथ अपने संयुक्त परिवार (दादा-दादी, चाचा-चाची) के संस्कारों, सालों के त्याग और निरंतर मार्गदर्शन को दिया है।
बधाइयों का तांता, उज्ज्वल भविष्य की कामना
इस ऐतिहासिक दोहरी सफलता की खबर मिलते ही दिनेश कौशल के शुभचिंतकों, पुलिस महकमे, रिश्तेदारों और मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से परिवार को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। सभी ने दोनों होनहार बच्चों के उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की है, ताकि वे आगे चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे सकें।
राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा